Drug Case: ड्रग केस में इन्फ्लुएंसर ओरी से पूछताछ

2 Min Read

Drug Case:

मुंबई, एजेंसियां। पॉपुलर इन्फ्लुएंसर ओरी से मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने लंबी पूछताछ की। उनसे 252 करोड़ रुपए की मेफेड्रोन ड्रग तस्करी केस में पूछताछ की गई। ओरी से करीब साढ़े सात घंटे तक पूछताछ चली।

जांच टीम को सहयोग नहीं कियाः

जानकारी के अनुसार ओरी ने पूछताछ के दौरान जांच टीम को सहयोग नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है और वे ड्रग्स का सेवन नहीं करते।

ओरी ने यह भी कहा कि वे भारत और विदेश में कई पार्टियों में जाते हैं, लेकिन उन्हें याद नहीं रहता कि वहां कौन-कौन था या क्या हुआ।
ओरी ने कहा कि उन्हें सिर्फ सेलेब्रिटीज के साथ फोटो खिंचवाने के लिए बुलाया जाता है। उन्होंने आरोपियों को जानने से इनकार किया और कहा कि उनका ड्रग सप्लाई चेन से कोई लेना-देना नहीं है।

दोबारा पूछताछ हो सकती हैः

जांच अधिकारियों के अनुसार ओरी से फिर पूछताछ हो सकती है। पूछताछ में ओरी ने कथित तौर पर बताया कि उन्हें इंस्टाग्राम प्रमोशन से 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की कमाई होती है और वे जियो कंपनी के कम्युनिकेशन डिजाइन डिपार्टमेंट में काम करते हैं, जहां से उन्हें 3.5 लाख रुपए हर महीने सैलरी मिलती है।

उन्होंने बताया कि उनके ड्राइवर, बॉडीगार्ड और गाड़ी के खर्चे भी जियो उठाती है। अब यह जांच की जा रही है कि कहीं उनका ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से कोई कनेक्शन तो नहीं है।

ओरी का नाम इस मामले में आरोपी मोहम्मद सलीम उर्फ ‘लैविश’ शेख से पूछताछ के दौरान सामने आया था, जिसे दुबई से लाया गया। उस पर भारत और विदेश में फिल्मी सितारों के लिए रेव पार्टियां आयोजित करने और मेफेड्रोन ड्रग की तस्करी का आरोप है।

Share This Article