Delhi Blast Update:
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम हुए भीषण ब्लास्ट की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। इस धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत और 24 लोग घायल हुए थे। अब जांच एजेंसियों ने दावा किया है कि जैश-ए-मोहम्मद (JeM) की महिला कमांडर डॉ. शाहीन शाहिद ने पूछताछ के दौरान भारत में आतंकी हमले की साजिश रचने की बात कबूल की है।
सूत्रों के मुताबिक:
सूत्रों के मुताबिक, डॉ. शाहीन ने बताया कि वह और उसके साथी डॉक्टर पिछले दो साल से विस्फोटक सामग्री जमा कर रहे थे। एजेंसियों को शक है कि इन विस्फोटकों का इस्तेमाल देशभर में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था। शाहीन ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह अपने साथियों डॉ. उमर, मुजम्मिल और आदिल के साथ मिलकर अमोनियम नाइट्रेट जैसे विस्फोटक पदार्थ तैयार कर रही थी।
शाहीन ने खुलासा किया:
शाहीन ने यह भी खुलासा किया कि यह पूरी साजिश आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के इशारे पर रची जा रही थी। हर मुलाकात में उमर उसे देशभर में हमलों को अंजाम देने के लिए प्रेरित करता था। ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई सफेद i20 कार का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें काला मास्क पहने एक शख्स कार में बैठा दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि वह कश्मीर निवासी उमर नबी था। यह कार लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम 6:52 बजे विस्फोट में इस्तेमाल की गई थी।
ब्लास्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। इस कड़ी में फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी भी जांच के घेरे में आ गई है, जहां से अब तक 7 डॉक्टरों समेत 13 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है। एजेंसियों का कहना है कि आने वाले समय में इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

















