देहरादून में बस दुर्घटना, 3 यात्रियों की मौत, 15 से अधिक गंभीर रूप से घायल

2 Min Read

Dehradun bus accident

देहरादून, एजेंसियां। मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा से पांवटा जा रही हिमाचल रोडवेज (एचआरटीसी) की बस क्वानू के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

बस में कुल तीस से अधिक लोग सवार थे।बस सुबह साढ़े छह बजे चौपाल डिपो से नेहवा पहुंची और फिर मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग से पांवटा जा रही थी। घटना सुबह करीब दस बजे हुई। मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास बस एक ट्रक को साइड देने के दौरान सड़क का पुश्ता धंसने से कई पलटे खाने के बाद सीधे खड्ड में गिर गई।

पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची

स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और नजदीकी चिकित्सा केंद्रों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में स्थानांतरित करने की भी तैयारी की जा रही है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताया

उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि क्वानू-मीनस मोटर मार्ग, कालसी क्षेत्र में बस दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने जिलाधिकारी से तुरंत संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए और राहत-बचाव कार्य को तेजी से शुरू करने का निर्देश भी दिया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी की कामना की। जिला प्रशासन ने मौके पर राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता दी है और सभी प्रभावित परिवारों को मदद मुहैया कराने के लिए टीमें तैयार हैं।इस हादसे ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन संचालन की सुरक्षा को फिर से मुद्दा बना दिया है।

Share This Article
Exit mobile version