जमशेदपुर। फाल्गुन शुक्ल एकादशी पर श्री श्याम रात्रि मासिक निशान यात्रा समिति के बैनर तले बुधवार की देर शाम गाजे-बाजे के साथ साकची से विशाल निशान यात्रा निकाली गयी।
हजारों की संख्या में भक्त हाथों में निशान लिये एवं बाबा का गुणगान करते हुए बैकुंठ धाम मंदिर जुगसलाई पहुंचे और बाबा के चरणों में निशान अर्पित किया।
फूलों से सजे रथ पर विराजमान श्री श्याम प्रभु पूरे रास्ते भक्तों को दर्शन दे निहाल करते रहे। साथ में नाचते-गाते भक्त चल रहे थे। इस दौरान प्रभु के दर्शन-पूजन को रास्ते भर लोगों की कतार लगी रही।
यात्रा पहुंचने पर भक्तों ने पूजा-अर्चना कर फूलों की वर्षा की। मंत्रोच्चारण के साथ पूजन करते हुए आरती भी होती रही और यात्रा आगे बढ़ती रही।
रास्ते भर लोग भक्तों की सेवा में जुटे रहे। इस दौरान शहर का वातावरण श्याम मय हो गया था।
श्री श्याम रात्रि मासिक निशान यात्रा समिति द्वारा 148वीं विशाल श्री श्याम निशान यात्रा का आयोजन किया गया।
इसके पहले साकची स्थित शिव मंदिर में पुरोहितों द्वारा निशान की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद आरती की गयी।
निशान यात्रा के दौरान वाहन पर सवार श्री राणी सती सत्संग समिति के सदस्य लाइव भजनों की प्रस्तुति देते आगे बढ़ रहे थे।
सबसे पहली श्रेणी में श्री श्याम प्रभु का रथ था। साकची से यात्रा निकल कर बिष्टुपुर पहुंची। पूरे रास्ते भर में श्री श्याम प्रभु पर फूलों की बारिश होती रही।
इसे भी पढ़ें