रांची। बरियातू के यूनिवर्सिटी कॉलोनी में सांई मंदिर के पास स्थित संस्कृति विहार कॉलोनी के मुहाने पर 5-6 डिसमिल खाली जमीन है। बताया जा रहा है कि यह जमीन हाउसिंग बोर्ड की है।
उस जमीन पर कुछ लोगों की गिद्ध दृष्टि पड़ गई है। उस जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। वहां बाउंड्री करने के लिए ईंट सहित अन्य जरूरी सामग्री भी गिरा दी गई है।
हालांकि इस अवैध कब्जे के प्रयास का स्थानीय लोग विरोध कर रहे हैं। इस संबंध में स्थानीय लोगों ने बरियातू थाना में लिखित शिकायत भी की है।
साथ ही आवेदन की कॉपी रांची डीसी के अलावा राज्य आवास बोर्ड, रांची नगर निगम और अंचल कार्यालय बड़गांई को भी दी गयी है।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर बरियातू पुलिस की टीम ने शुक्रवार को जमीन पर पहुंच कर मामले की छानबीन भी की।
इसके पीछे कौन-कौन लोग हैं, उनके बारे में पुलिस पता लगाने में जुट गयी है। बताया जा रहा है कि आसपास के ही कुछ जमीन दलालों ने इस जमीन पर कब्जे की कोशिश शुरू की है।
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद वे पुलिस को साधने में जुटे हैं।
इसे भी पढ़ें