Cardamom hot or cold:
नई दिल्ली, एजेंसियां। इलायची न सिर्फ रसोई का एक आम मसाला है बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद मानी जाती है। न्यूट्रिशनिस्ट पूजा लूथरा के अनुसार, अगर रोज रात को सोने से पहले दो इलायची खाकर उसके बाद एक गिलास गर्म पानी पिया जाए, तो यह शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाती है। इलायची पाचन सुधारने, वजन घटाने, मानसिक शांति, श्वसन तंत्र को मजबूत करने, शरीर को डिटॉक्स करने, ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने और सांसों को ताजगी देने में कारगर मानी जाती है। इसके अलावा यह शरीर की सूजन कम करने और त्वचा को स्वस्थ रखने में भी मदद करती है।
इलायची की तासीर: गर्म या ठंडी?
इलायची मुख्य रूप से दो प्रकार की होती है हरी और काली। छोटी हरी इलायची की तासीर ठंडी मानी जाती है, जबकि बड़ी काली इलायची की तासीर गर्म होती है। इसलिए कौन-सी इलायची किस प्रभाव के लिए लेनी है, यह उसके प्रकार पर निर्भर करता है।
नींद और पाचन के लिए फायदेमंद:
रात को दो इलायची खाने से नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है। इसमें मौजूद प्राकृतिक तेल तनाव कम कर दिमाग को शांत करते हैं, जिससे गहरी नींद आने में मदद मिलती है। इलायची में मौजूद एंटीबैक्टीरियल तत्व मुंह की बदबू को दूर करते हैं और पाचन क्रिया को मजबूत बनाते हैं।
वजन कम करने में भी कारगर:
जो लोग मोटापा कम करना चाहते हैं, उनके लिए इलायची का पानी काफी लाभकारी माना जाता है। सुबह खाली पेट इलायची का पानी पीने से मेटाबॉलिज्म तेजी से बढ़ता है और शरीर कैलोरी तेजी से बर्न करता है, जिससे वज़न कम करने में मदद मिलती है।
तनाव को दूर करने में मदद:
इलायची में मौजूद शांतिदायक गुण तनाव कम करने और मूड बेहतर बनाने में प्रभावी हो सकते हैं। इसके नियमित सेवन से मानसिक थकान घटती है और तरोताज़गी महसूस होती है। रात को सोने से पहले दो इलायची खाना एक छोटा लेकिन असरदार घरेलू उपाय माना जा रहा है, जिसे विशेषज्ञ भी लाभकारी बताते हैं।







