Land for Job case: लैंड फॉर जॉब मामले में फैसला टला, अगली सुनवाई 8 दिसंबर को

Satish Mehta
2 Min Read

Land for Job case:

पटना, एजेंसियां‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाले में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को गुरुवार को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती, हेमा यादव सहित सभी आरोपितों के खिलाफ आरोप तय करने पर फिलहाल रोक लगा दी है। अदालत ने कहा कि आगे की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सीबीआई को सभी आरोपितों की वर्तमान स्थिति (Status Verification) की रिपोर्ट पेश करनी होगी।

अदालत ने बताया

अदालत ने बताया कि इस केस में CBI ने कुल 103 लोगों को आरोपित बनाया था, लेकिन सुनवाई के दौरान चार आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है। इसी कारण कोर्ट ने जांच एजेंसी को निर्देश दिया है कि वह प्रत्येक आरोपित का ताज़ा स्टेटस जांचकर विस्तृत रिपोर्ट दाखिल करे, ताकि आगे की कार्रवाई सही आधार पर की जा सके।इस मामले की अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी, जिसमें CBI की ओर से स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने की उम्मीद है।

क्या है मामला ?

यह केस लालू यादव के रेलमंत्री रहते कथित तौर पर भूमि के बदले रेलवे में नौकरी देने से जुड़ा है। CBI पहले ही लालू प्रसाद, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, तेज प्रताप, मीसा भारती सहित कई अन्य पर आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है।10 नवंबर 2025 की पिछली सुनवाई में भी अदालत ने आरोप तय करने पर अपना आदेश टाल दिया था।

अब स्टेटस रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि किन आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।इसी मामले को लेकर राबड़ी देवी द्वारा न्यायाधीश पर लगाए आरोप और नई याचिकाएं भी हाल के दिनों में सुर्खियों में रहीं, जिन पर अदालत ने CBI और ED से जवाब मांगा है।फिलहाल, लालू परिवार के लिए यह राहत भरा अंतरिम निर्णय माना जा रहा है, जबकि केस की अगली महत्वपूर्ण तारीख पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Share This Article