UPSC CSE Final Result 2025: अनुज अग्निहोत्री बने यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा का ‘टॉपर’

3 Min Read

UPSC CSE Final Result 2025:

नई दिल्ली, एजेंसियां। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और आकांश धुल तीसरे स्थान पर रहे। कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए चयनित किया गया है। इनमें से 180 उम्मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में शामिल होंगे, 55 भारतीय विदेश सेवा (IFS) में जाएंगे और 150 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में शामिल होंगे।

सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में आयोजित होती है:

प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू। इस बार प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित हुई थी, जबकि मुख्य परीक्षा 22 से 31 अगस्त 2025 तक चली। इसके बाद मुख्य परीक्षा में सफल 2,736 उम्मीदवारों को 5 जनवरी 2026 से लेकर 27 फरवरी 2026 तक इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। UPSC ने बताया कि अंतिम परिणाम जारी होने के बाद 15 दिनों के भीतर सभी उम्मीदवारों के अंक आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

शीर्ष 10 में शामिल अन्य उम्मीदवार:

अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम, आकांश धुल के अलावा शीर्ष 10 में राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक शामिल हैं।IAS के 180 पदों में से 74 अनारक्षित वर्ग, 28 अनुसूचित जाति, 13 अनुसूचित जनजाति, 47 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 18 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं। आयोग ने बताया कि फिलहाल 348 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी प्रोविजनल रखी गई है।

हर साल लाखों अभ्यर्थी शामिल होते है

हर साल लाखों अभ्यर्थी UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन चयनित होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या बहुत कम होती है। इस परीक्षा का सफल होना न केवल छात्र के व्यक्तिगत करियर के लिए बल्कि देश की प्रशासनिक सेवा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।इस साल की परीक्षा ने फिर साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, रणनीति और लगन से ही UPSC की कठिन परीक्षा में सफलता संभव है। चयनित उम्मीदवार अब IAS, IFS और IPS समेत विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे और देश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

Share This Article