आप विधायक, पार्षद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे, परिवार को ‘नजरबंद’ करने का आरोप लगाया

1 Min Read

नयी दिल्ली, एजेंसियां : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के एक दिन बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक और पार्षद केजरीवाल के परिवार से मिलने सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर पहुंचे।

आप विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा, ‘‘हम यहां मुख्यमंत्री के परिवार से मिलने आए हैं। उन्हें किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया है।

किसी को नहीं पता कि वे किस हालत में हैं।’’ केजरीवाल के आवास के बाहर मौजूद लोगों में जरनैल सिंह और राज कुमार आनंद समेत आप विधायक और दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय भी शामिल थीं।

आप नेताओं ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ और ‘नजरबंदी खत्म करो’ के नारे लगाए। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को ईडी ने बृहस्पतिवार रात को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार कर लिया।

ईडी ने केजरीवाल को अदालत में पेश किया और 10 दिन की उनकी हिरासत का अनुरोध किया।

इसे भी पढ़ें

कोलकाता : केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आप और भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं