उलगुलान रैली के पोस्टर बता रहे हैं, क्या बनने जा रहा चुनावी मुद्दा

3 Min Read

पोस्टरों को लेकर बढ़ा विवाद

रांची। दिल्ली के बाद आज रांची में इंडी गठबंधन की बड़ी रैली हो रही है। जेएमएम की ओर से प्रभात तारा मैदान में उलगुलान न्याय रैली का आयोजन किया गया है।

इस रैली में I.N.D.I.A गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता मौजूद रहेंगे। दिल्ली की रैली में अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को बड़ा मुद्दा बनाया गया तो रांची में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी नेता बीजेपी की सरकार को घेरेंगे।

रैली में शामिल होने पहुंची शिवसेना सांसद प्रियंका चुतर्वेदी ने कहा कि हम तानाशाही के खिलाफ लड़ रहे हैं।

इधर विपक्ष की रैली को लेकर बीजेपी ने निशाना साधा है। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि जेएमएम द्वारा उलगुलान की आड़ में भाजपा प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार से रोकने तथा निशाना बनाने की बड़ी साजिश रची जा रही है।

जिसमें यहां तक चर्चा है कि जरूरत पड़ने पर तीर से भी हमला करवाया जा सकता है।

बता दें कि रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, राजद नेता तेजस्वी यादव समेत कई नेता शामिल हो रहे हैं।

रैली ग्राउंड में लगे पोस्टर में केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में दिखाया गया है। यह बताता है कि दोनों की गिरफ्तारी को ही इंडी गठबंधन चुनाव में मुद्दा बनाने जा रहा है। इसके अलावा केंद्र पर तानाशाही के आरोप को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जायेगी।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन सहित भारतीय गठबंधन के नेताओं के मेगा पोस्टर से रैली ग्राउंड में लगाए गए है। पोस्टर में केजरीवाल और हेमंत सोरेन को जेल में दिखाया गया है।

इधर पोस्टरों को लेकर भाजपा ने झामुमो पर हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि कई पोस्टरों से मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को गायब कर दिया गया है, जबकि इन पोस्टरों के माध्यम से कल्पना सोरेन को प्रमोट करने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इस मामले में सफाई दी है। उन्होंने कहा कि ये सब बीजेपी का अनर्गल आरोप है। बीजेपी इस रैली से घबरा गई है, इसलिए झूठा प्रचार कर रही है।

इसे भी पढ़ें

सड़क हादसे में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बहनोई की मौत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं