Savitribai Phule Yojana:
रांची। Savitribai Phule Yojana: झारखंड की छात्राओं की चांदी ही चांदी है। अब राज्य में 11वीं और 12वीं की छात्राओं को भी सावित्री बाई फूले योजना का लाभ मिलेगा। यह घोषणा राज्य के प्रभारी मंत्री चमरा लिंडा ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन की। प्रभारी मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि अब 11वीं औव 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को भी सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से जारी संकल्प में त्रुटि होने के कारण कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राएं अब तक इस योजना के लाभ से वंचित थीं। संकल्प में सुधार को लेकर इस मामले को कैबिनेट में लाया जायेगा।
7 लाख छात्राएं लाभान्वितः
विधायक मथुरा महतो की ओर से ध्यानाकर्षण सूचना के तहत उठाये गये सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024–25 में इस योजना के तहत लगभग सात लाख छात्राओं को लाभ दिया गया है। विभाग की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि चालू वित्तीय वर्ष में पोर्टल खोलकर छह लाख 51 हजार आवेदनों का निष्पादन कर दिया जाये। अब तक चार लाख 56 हजार छात्राओं को छात्रवृत्ति का भुगतान किया जा चुका है। विधायक मथुरा महतो ने सवाल उठाया था कि छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं होने के कारण लाखों छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो रही है।






