Republic Day
रांची। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 26 जनवरी को भव्य गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह सुबह 9 बजे राज्यपाल संतोष गंगवार के आगमन के साथ शुरू होगा। इस अवसर पर शहर में सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की हैं। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था भी बदली रहेगी।
बड़े वाहनों पर नो-इन्ट्रीः
शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है। सुबह 6 बजे से 10 बजे तक रांची की मुख्य सड़कों पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रशासन ने इन वाहनों के लिए विभिन्न जगहों पर स्टॉप प्वाइंट निर्धारित किए हैं, जिनमें कांके, चाईबासा-खूंटी, गुमला-सिमडेगा, जमशेदपुर और बूटी मोड़ प्रमुख हैं।
VVIP और अतिथियों के लिए मार्गः
राज्यपाल संतोष गंगवार, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, सांसद/विधायक और केंद्र/राज्य सरकार के पदाधिकारीगण के लिए अलग से VVIP मार्ग तय किए गए हैं। ये मार्ग मुख्य रूप से एटीआई मोड़, सिद्ध कान्हु पार्क मोड़, डॉ. श्यामा प्रसाद वि.वि. मोड़ और राजकीय गेस्ट हाउस से होकर मंच तक जाते हैं।
पार्किंग व्यवस्थाः
VVIP वाहन और पदाधिकारियों के वाहन के लिए अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मीडिया कर्मियों के वाहन हॉकी स्टेडियम के पास और अन्य सामान्य वाहनों के लिए TRI के सामने पार्किंग का इंतजाम किया गया है। डीसी आवास मोड़ से हॉकी स्टेडियम तक और रांची कॉलेज मोड़ से VVIP प्रवेश द्वार तक पार्किंग वर्जित रहेगी।
ड्रॉप गेट और प्रवेशः
VVIP और पदाधिकारी वाहन विशेष ड्रॉप गेट के माध्यम से प्रवेश करेंगे। वहीं, सामान्य वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।
प्रशासन की सलाहः
आम नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे गणतंत्र दिवस समारोह के दिन इन मार्गों और प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचें।
शहर के अन्य मार्गों पर छोटे वाहनों का परिचालन पूर्ववत रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
अतिरिक्त सुरक्षा उपायः
सुरक्षा कारणों से 1 फरवरी 2026 तक दिल्ली के समान ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून आदि के संचालन पर रोक रहेगी। रांची ट्रैफिक एसपी ने सभी नागरिकों से नियमों का पालन करने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करने का आग्रह किया है।

