Ranchi Municipal Corporation: स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर रांची नगर निगम सख्त, थूकने पर लगेगा जुर्माना

2 Min Read

Ranchi Municipal Corporation

रांची। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रांची को देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों में शामिल कराने के लिए रांची नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। अब सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, खुले में पेशाब करने और कचरा फैलाने वालों से मौके पर ही (On the Spot Fine) जुर्माना वसूला जाएगा। मंगलवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट शाखा के साथ हुई बैठक में अपर प्रशासक संजय कुमार ने यह निर्देश जारी किए।

सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर सख्ती

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सड़कों, दीवारों, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने वालों के खिलाफ अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। पान-गुटखा थूकने, खुले में कचरा फेंकने और पेशाब करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी। इसके साथ ही जिन दुकानों, भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन नहीं होंगे, उनके संचालकों पर भी जुर्माना लगाया जाएगा। निगम का लक्ष्य शहर को पूरी तरह गार्बेज फ्री बनाना है।

आचार संहिता उल्लंघन पर भी कार्रवाई

स्वच्छ सर्वेक्षण के साथ-साथ झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 को देखते हुए निगम ने आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन पर भी सख्ती के निर्देश दिए हैं।
सरकारी भवनों, दीवारों, बिजली पोल, पुलिया और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर, बैनर, झंडे और दीवार लेखन को तुरंत हटाने के आदेश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा।

स्कूलों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारी

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए नगर निगम ने स्कूलों को अहम भागीदार बनाया है। अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक हुई। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि हरा और नीला डस्टबिन अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, कक्षाओं में लिटर बिन रखे जाएं, नियमित कीटनाशक छिड़काव हो, इको क्लब का गठन किया जाए और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाए।
नगर निगम का मानना है कि बच्चों की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलेगी और रांची की रैंकिंग बेहतर होगी।

Share This Article
Exit mobile version