President Draupadi Murmu
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में सोमवार को उस समय एक भावुक और यादगार पल देखने को मिला, जब देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोटोकॉल से हटकर आम लोगों से सीधा संवाद किया। झारखंड दौरे के दौरान एनआईटी आदित्यपुर में दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद जब राष्ट्रपति रांची के लिए रवाना हो रही थीं, तभी आदित्यपुर के आकाशवाणी चौक पर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं वाहन से उतरीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू स्वयं वाहन से उतरीं और सड़क किनारे खड़े लोगों का मुस्कुराते हुए अभिवादन किया। उन्होंने कई लोगों से हाथ मिलाया और उनका हालचाल जाना। राष्ट्रपति को अपने इतने करीब देखकर लोग बेहद उत्साहित और भावविभोर नजर आए। कुछ पलों के लिए पूरा माहौल आत्मीयता और अपनत्व से भर गया।
आम नागरिकों से मिलने के बाद राष्ट्रपति दोबारा अपने काफिले में सवार हुईं और सोनारी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गईं। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया। राष्ट्रपति के इस सरल और संवेदनशील व्यवहार की शहरभर में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देश के सर्वोच्च पद पर होने के बावजूद द्रौपदी मुर्मू का जमीन से जुड़ाव और आम जनता के प्रति सम्मान साफ झलकता है। उनका यह व्यवहार लंबे समय तक लोगों की यादों में बना रहेगा।
