IndiGo flight
रांची। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। भुवनेश्वर से रांची आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-7361) लैंडिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गई। हार्ड लैंडिंग के कारण विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया, जिससे विमान को नुकसान पहुंचा। विमान में सवार सभी 56 यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, विमान शाम करीब 8:30 बजे रांची में उतर रहा था, तभी लैंडिंग के वक्त स्थिति बिगड़ गई। तेज झटके और आवाज से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से रोक लिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इंजीनियरों की प्रारंभिक जांच में विमान को उड़ान के लिए अयोग्य पाया गया, जिसके बाद उसे ग्राउंडेड कर दिया गया है। टेल सेक्शन समेत अन्य हिस्सों की विस्तृत तकनीकी जांच जारी है।
इस घटना का असर रांची-भुवनेश्वर की अगली इंडिगो उड़ान पर भी पड़ा, जिसे देर से संचालित किया गया। वहीं नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने मामले की रिपोर्ट तलब की है और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने रनवे व लैंडिंग सिस्टम की समीक्षा शुरू कर दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि पायलट की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
