Kadma toll bridge case: कदमा टोल ब्रिज केस का खुलासा, जवान को कुचलने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

Kadma toll bridge case

जमशेदपुर। कदमा टोल ब्रिज गोलचक्कर के पास ड्यूटी पर तैनात जवान को कार से कुचलने की सनसनीखेज घटना में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश अब भी जारी है।

जानकारी के अनुसार

यह घटना 3 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि की है। जानकारी के अनुसार, कदमा टोल ब्रिज के पास ड्यूटी पर तैनात जवान हीरालाल महतो पर कुछ युवकों ने जानलेवा हमला किया था। आरोप है कि अपराधियों ने साजिश के तहत कार से जवान को कुचलने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों को जुटाया और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की। इन प्रयासों के बाद पुलिस ने इस कांड में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है।

अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह, अंकित मुखी और आदित्य मुखी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस से नाराजगी के कारण उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। बताया जा रहा है कि घटना के समय सभी आरोपी नशे की हालत में थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article