Jharkhand weather: झारखंड में मौसम ने बदली करवट: आज से कड़ाके की ठंड की शुरुआत, आने वाले दिनों में बढ़ेगी सर्दी

Anjali Kumari
2 Min Read

Jharkhand weather:

रांची। झारखंड में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से पूरे राज्य में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज होगी और लगातार आने वाले दिनों में ठंड और तेज होती जाएगी। 3 से 4 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे रांची, बोकारो, हजारीबाग, चतरा समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठिठुरन बढ़ेगी।

तापमान में भारी गिरावट के आसार:

राजधानी रांची में तापमान में भारी गिरावट के आसार हैं और 4 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने की उम्मीद है, जबकि दिन में धूप निकलेगी, लेकिन हवा में ठंडक के कारण सुबह-शाम ठिठुरन महसूस होगी। रविवार को अधिकतर जिलों में तापमान 10 डिग्री से ऊपर था, रांची में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं ने मौसम में तेजी से ठंडक बढ़ाई है।

दिन का अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, लेकिन रात के समय तापमान में होने वाली तेज गिरावट ठंड का असर और बढ़ा देगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिसंबर की शुरुआत में ही जिस तरह ठंड बढ़ रही है, उससे संकेत मिलता है कि इस बार सर्दी सामान्य से अधिक कड़ाके की हो सकती है। पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में लोग सुबह-सुबह अलाव का सहारा लेने लगे हैं।

मौसम विभाग की चेतावनी:

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी दी है कि पूरे सप्ताह कोहरा और धुंध की स्थिति बनी रहेगी। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच जा सकता है और उत्तरी झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी रहने की संभावना है।

Share This Article