रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार महतो का कार्यकाल 18 जनवरी को समाप्त होने वाला है, जिसके बाद जैक अध्यक्ष विहीन हो जाएगा। यदि राज्य सरकार इस तारीख तक नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं करती है, तो आगामी 8वीं, 9वीं, 10वीं (मैट्रिक), 11वीं, 12वीं (इंटर) सहित अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं का संचालन प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, जैक का प्रशासनिक कामकाज भी ठप हो सकता है।
सरकार जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करेगी: शिक्षा मंत्री हफिजुल हसन
जैक अध्यक्ष डॉ. अनिल महतो ने कहा कि उनका कार्यकाल संवैधानिक रूप से निर्धारित है और अब यह सरकार पर निर्भर है कि वह नए अध्यक्ष की नियुक्ति कब करती है। स्कूली शिक्षा मंत्री हफिजुल हसन अंसारी ने कहा कि सरकार इस विषय पर चर्चा कर रही है और जल्द ही नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी।
पिछले कार्यकाल में भी पद लंबी अवधि तक रहा था खाली
यह पहली बार नहीं है जब जैक अध्यक्ष पद में देरी हुई हो। पिछले अध्यक्ष डॉ. अरविंद प्रसाद सिंह और उपाध्यक्ष फूल सिंह का कार्यकाल सितंबर 2021 में समाप्त हो गया था, और चार महीने तक यह दोनों पद खाली रहे थे। बाद में शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के हस्तक्षेप से जनवरी 2022 में नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की नियुक्ति की गई थी।
इसे भी पढ़ें
सीएम हेमंत सोरेन से मिले जैक के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार महतो, नववर्ष की दी शुभकामनाएं