IND vs SA match: रांची के सभी बड़े होटल फुल

4 Min Read

IND vs SA match:

रांची। रांची में होने वाले इंडिया-साउथ अफ्रीका मुकाबले ने शहर की होटल इंडस्ट्री में जबरदस्त उछाल ला दिया है। 30 नवंबर को होने वाले मैच को देखते हुए शहर के लगभग सभी बड़े होटल जैसे रेडिसन ब्लू, बीएनआर चाणक्य, कैपिटल हिल, रामाडा और कोर्टयार्ड मैरियट पूरी तरह बुक हो चुके हैं।

इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। शहर की होटल इंडस्ट्री पिछले कई महीनों में पहली बार इतनी बड़ी मांग का सामना कर रही है। मैच के साथ लगन सीजन ने मिलकर कमरों की मांग दोगुनी कर दी है।

छोटे होटलों में भी कमरे नहीः

शहर के छोटे होटल, लाज और मैरज हाल, रैन बसेरा तक फुल हो चुके हैं। कई स्थानों पर वेटिंग लिस्ट चल रही है और कुछ होटल कमरों के लिए एडवांस भुगतान ही ले रहे हैं।

रांची के होटलों में बुकिंग की स्थितिः

होटल कमरे बुक्ड खाली
कैपिटल हिल 47 फुल 2 (बिजनेस क्लास)
कोर्टयार्ड मैरियट 111 फुल 00
रमाडा 66 फुल 00
रेडिसन ब्लू 115 फुल 00
ली-लीक 54 फुल 00
बीएनआर चाणक्य 121 फुल 00

इन आंकड़ों से साफ है कि सस्ते कमरे पूरी तरह गायब हो चुके हैं। बिजनेस क्लास के कुछ कमरे उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी कीमत 10,000 रुपये से शुरू हो रही है।

रेलवे स्टेशन रोड क्रिकेट फैंस की पहली पसंदः

रांची आने वाले हजारों क्रिकेट प्रेमियों के लिए रेलवे स्टेशन रोड सबसे पसंदीदा इलाका बना हुआ है। होटल संचालकों के अनुसार, इस क्षेत्र में रहने से स्टेडियम तक पहुंचना आसान होता है।

इसके अलावा बिरसा चौक, हिनू, डोरंडा, हवाई नगर और हरमू बायपास रोड स्थित होटलों में भी लगभग 100 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। कुछ होटल तो ऐसे हैं, जहां वेटिंग लिस्ट बन गई है। कई फैंस निराश होकर अन्य इलाकों या शहर के बाहर के विकल्प भी देख रहे हैं।

सस्ते कमरे मुश्किल, फैंस बढ़ा रहे अपना बजटः

होटल व्यवसायियों ने बताया कि मैच वाले सप्ताह में मांग सामान्य दिनों की तुलना में करीब तीन गुना बढ़ जाती है। इस बार भी वही स्थिति है। बाहर से आने वाले दर्शकों के लिए 1,500–2,000 रुपये में मिलने वाले सस्ते कमरे अब बाजार से गायब हैं।

मजबूरी में उन्हें बिजनेस क्लास रूम या प्रीमियम कैटेगरी की ओर रुख करना पड़ रहा है। कुछ लोग साझा कमरों, होम-स्टे और गेस्ट हाउस की भी तलाश कर रहे हैं, लेकिन वहां भी सीमित विकल्प ही बच पाए हैं। होटल संचालकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक रांची में खाली कमरा मिलना लगभग असंभव है।

मैच और शादी सीजन ने बढ़ाई मांगः

मैच के साथ-साथ शहर में लगन का समय भी चरम पर है। मैरेज हाल, बैंक्वेट और बड़े आयोजन स्थलों तक फुल हैं। होटल संचालकों का कहना है कि दोनों इवेंट की वजह से अचानक बुकिंग बेहद बढ़ गई है और सुरक्षा व्यवस्था को भी अपग्रेड किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट परः

शहर में हो रहे भारत-दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट मैच को लेकर सभी होटलों में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक होटल की सुरक्षा जांच की जा रही है। छोटे-बडे सभी होटलों, लाज आदि की भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से जांच जारी है।

Share This Article