Jharkhand civic elections 2025:
रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव के लिए तैयारियां गति पकड़ चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अहम पहलुओं पर जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश भेजे हैं। सरकार द्वारा आरक्षण प्रस्ताव पारित होते ही आयोग चुनावी अधिसूचना जारी करने की स्थिति में होगा। माना जा रहा है कि अगले कुछ सप्ताहों में चुनाव तिथि घोषित हो सकती है।
मतदाता सूची से लेकर बूथ प्रबंधन तक आयोग की तैयारी तेज
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलों के साथ लगातार पत्राचार करते हुए चुनाव पूर्व की तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। सभी जिलों को मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान केंद्रों की संरचना, बूथ स्तर की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधन पर विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान करने को भी कहा है ताकि मतदान दिवस पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके साथ ही ईवीएम और वीवीपैट की कार्यक्षमता की जांच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। जिलों को निर्देश दिया गया है कि मतदान कर्मियों का डाटाबेस तुरंत अपडेट किया जाए, ताकि आवश्यकतानुसार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
प्रत्याशियों की योग्यता और नामांकन प्रक्रिया की गाइडलाइन जारी
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए आयोग ने प्रत्याशियों की योग्यता-अयोग्यता, नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक प्रमाण पत्र, नामांकन पत्रों की वैधता और चुनाव खर्च सीमा से संबंधित दिशानिर्देश भी जिलों को भेजे हैं। नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के लिए पदवार शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण श्रेणियों और मानदंड की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
जल्द आ सकती है चुनावी अधिसूचना
सूत्रों का कहना है कि जैसे ही सरकार आरक्षण प्रस्ताव को अंतिम रूप दे देगी, आयोग चुनावी अधिसूचना जारी कर देगा। संभावना है कि नगर निकाय चुनाव अगले महीने के भीतर आयोजित कर दिए जाएंगे। झारखंड में लंबे समय से लंबित नगर निकाय चुनाव को लेकर अब माहौल गर्म होने लगा है और आयोग की तेज गतिविधियां संकेत देती हैं कि चुनाव की उलटी गिनती जल्द ही शुरू होगी।



