बाबूलाल का रास्ता साफ करने हेलीकॉप्टर से पहुंचे हिमंता, निरंजन राय हो सकते हैं भाजपा में शामिल [Himanta arrived by helicopter to clear the way for Babulal, Niranjan Rai may join BJP]

2 Min Read

धनवार। धनवार विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी निरंजन राय ने मतदान से चार दिन पहले अपने कदम पीछे खींच लिए हैं और भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल मरांडी को समर्थन दे दिया है। इस बीच निरंजन राय को मनाने के लिए भाजपा नेताओं ने एड़ी चोटी का दम लगाया दिया था।

झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा निरंजन राय को मनाने हेलिकॉप्टर से धनवार पहुंच गए थे। वहीं गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे भी मौके पर मौजूद थे।

दोनों नेता निरंजन राय के पैतृक आवास पपीलों पहुंचे। वहां पूजा अर्चना की, इसके बाद दोनों नेताओं ने बंद कमरे में निरंजन से बातचीत की। बातचीत के बाद हिमंता और निशिकांत दुबे अपने साथ निरंजन को हेलिकॉप्टर में लेकर उड़ गए।

इसके बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं कि निरंजन राय मतदान से चार दिन पहले मान गए हैं और जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बता दें कि आज दोपहर दो बजे धनवार में गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी सभा होनी है।

इससे पहले ये खबर भाजपा खेमे में नई जान फूंकने के बराबर है। बता दें कि धनवार से भाजपा से टिकट की आस लगाए बैठे निरंजन राय तब बागी हो गए, जब धनवार में भाजपा ने बाबूलाल मरांडी को अपना उम्मीदवार बनाया था।

राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो धनवार में निरंजन राय के चुनाव लड़ने से बाबूलाल मरांडी को सीधा नुकसान पहुंचने वाला था। लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि चुनाव में निरंजन राय के पीछे हटने से धनवार में बाबूलाल मरांडी का रास्ता साफ हो सकता है।

इसे भी पढ़ें

झारखंड के सबसे अमीर प्रत्याशी की संपत्ति जान कर उड़ जाएंगे होश 

Share This Article
Exit mobile version