रांची। झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन का मंत्रिमंडल पूरा हो गया है। पूरा मतलब पूरा, यानी सभी खाने भर गये हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात कि 12 मंत्रियों का कोटा भर गया है।
12 मंत्री की बात यहां हम इसलिए कर रहे हैं कि बीते 10 साल से झारखंड में 12वें मंत्री का पद खाली था। चाहे सरकार बीजेपी गठबंधन की हो या इंडी गठबंधन की। 12वां मंत्री पद खाली ही रहा।
कल हेमंत सोरेन ने विधानसभा में विश्वासमत हासिल किया और इसके तुरंत बाद मंत्रिमंडल का विस्तार भी हो गया। राज्यपाल ने कुल 11 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
खास बात यह रही कि हेमंत 3.0 में 10 साल से रिक्त पड़े 12वे मंत्री के पद को भरा गया है। 12वां मंत्री पद 2014 की भाजपा-आजसू गठबंधन की सरकार के समय से खाली पड़ा था।
2014 में भाजपा और आजसू की गठबंधन की सरकार बनी थी। रघुबर दास को विधायक दल का नेता चुना गया था और पांच साल तक राज्य में उनकी सरकार चली।
रघुबर सरकार ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया लेकिन इस दौरान 12वा मंत्री पद खाली रहा। मीडिया में खबरें चलीं कि उस समय कई भाजपा विधायक कैबिनेट में शामिल ना होने से पार्टी से नाराज थे।
पार्टी 12वें मंत्री पद को विधायकों के लिए लालीपाप की तरह इस्तेमाल कर रही थी। 2019 में जब झामुमो, कांग्रेस और राजद की सरकार बनी, तब भी 12वें मंत्री के पद को खाली ही रखा गया।
ये मंत्री पद झामूमो के कोटे का था। झामूमो को अपने विधायकों में से किसी एक को मंत्री बनाना था। लेकिन सरकार के चार साल बीतने के बाद भी इस पद को नहीं भरा गया।
जब दो फरवरी को चंपई सोरेन की सरकार बनी तब भी 12वें मत्री के पद को रिक्त ही रखा गया। उस वक्त बैजनाथ राम के 12वें मंत्री बनने की खबरें चली थी।
लेकिन अंत में उनके नाम पर मुहर नहीं लगी और वे मंत्री बनने से चूक गये। और अंततः हेमंत सोरेन के तीसरे कार्यकाल में बड़ा बदलाव हुआ और 2014 के खाली पड़े 12वें मंत्री के पद को भर दिया गया।
झामूमो कोटे से 12वें मंत्री के रुप में बैजनाथ राम ने शपथ ली। बैजनाथ राम अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखते हैं और लातेहार के विधायक हैं।
बैजनाथ राम के सहारे झामुमो आने वाले विधानसभा चुनाव में दलित वोटरों को अपनी ओर लुभा सकती है। बता दें कि बैजनाथ राम 2019 में झामुमो में शामिल हुए थे और इससे पहले वह भाजपा से जुड़े थे।
इसे भी पढ़ें
हेमंत मंत्रिमंडल में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा , इरफान को ग्रामीण विकास और दीपिका को मिला कृषि