रांची : झारखंड के हजारीबाग जिले के रसूलीगंज में चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गयी। सभी रात में ठंड से बचने के लिए कोयले की अंगीठी जलाकर सोए थे। समझा जा रहा है कि अंगीठी के धुएं से निकली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस से इनकी मौत हुई है।
कटकमदाग थाना क्षेत्र के रसूलीगंज में हुई इस घटना में बुधवार रात एक ही परिवार के कई लोग ठंड से बचने के लिए कमरे में कोयला जलाकर सोये हुए थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। जिस वजह चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई।
वहीं तीन की हालत गंभीर है। सभी मृतक बिहार के रहने वाले थे। गौरतलब है कि इससे पहले भी 21 दिसंबर 2021 को हजारीबाग शहर के पेलावल-रोमी में दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गई थी। सभी रूम में अंगीठी और रूम हीटर जलाकर सोये थे।
