भड़के कांग्रेस विधायक इरफान, कहा-पुलिस की दोहरी नीति नहीं चलेगी

2 Min Read

अल्पसंख्यकों पर गोली और भाजपाई पर सिर्फ पानी की बौछार

रांची। कांग्रेस विधायक डॉ. इरफान अंसारी रांची पुलिस की कार्यशैली से नाराज हैं। उनका कहना है कि पत्थरबाजी के आरोप में अल्पसंख्यकों पर गोली चलाई गई। वहीं, भाजपाईयों के पत्थरबाजी के जवाब में सिर्फ पानी का बौछार करती रही। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले भाजपा ने सचिवालय घेराव कार्यक्रम में पुलिस पर पथराव किया।

इससे कई पुलिसवाले घायल हो गए। कई पुलिसवालों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर कई पदाधिकारी एवं मीडिया वालों को भी गंभीर चोटें आई।

घटना के दौरान पुलिस मार खाती रही और अपने बचाव में सिर्फ पानी का बौछार करती रही। पुलिस वालों ने अपने बचाव में गोलियां क्यों नहीं चलाई यह बात समझ से परे है।

शांति से जुलूस निकाल रहे अल्पसंख्यकों पर चलाई गोली

डॉ इरफान ने कहा कि पिछले वर्ष भाजपा नेता नूपुर शर्मा द्वारा इस्लाम धर्म पर अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। जिसके विरोध में पूरे देश में जुलूस निकाला गया।

इसी कड़ी में रांची में भी नूपुर शर्मा के खिलाफ अल्पसंख्यक समाज द्वारा जुलूस निकाला गया। तब पुलिस वाले ने जुलूस द्वारा पत्थरबाजी करने का आरोप लगाते हुए अपने बचाव में फायरिंग की।

जिससे हमारे दो बेगुनाह अल्पसंख्यक बच्चे मौके पर ही शहीद हो गए। उन्होंने सवाल उठाया कि एक तरफ पुलिस अपने बचाव में बेगुनाहों पर गोलियां चला देती है तो दूसरी तरफ भाजपा द्वारा पथराव करने पर पुलिस द्वारा सिर्फ पानी की बौछार की जाती है। पुलिस केस कर छोड़ दिया जाता है जो समझ से बिल्कुल परे है।

भाजपा नेताओं पर कड़ी कार्रवाई हो

विधायक इरफान अंसारी ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भाजपा नेताओं पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग करता हूं।

क्योंकि, पुलिस, मीडिया एवं पदाधिकारियों पर पथराव कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जिसमे कुछ लोग अभी भी मौत से जूझ रहे हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं