Jharkhand Weather: झारखंड में हाड़ कंपाने लगी ठंड, 10 डिग्री तक गिरा पारा

3 Min Read

Jharkhand Weather:

रांची। झारखंड में ठंड हाड़ कंपाने लगी है। नवंबर की शुरुआत में ही राज्य के कई जिले शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। राजधानी रांची, खूंटी, और सिमडेगा जैसे इलाकों में सुबह और शाम में भरपूर ठंड पड़ रही है। लोगों ने गर्म कपड़े, शॉल और चादरें निकाल लिए हैं। कई स्थानों पर शाम 6 बजे के बाद से ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है।

खूब सतायेगी ठंडः

मौसम विभाग के अनुसार, यह तो केवल शुरुआत है। अगले 48 घंटों में तापमान में और 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि कई जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

धीरे-धीरे पूरा राज्य आ रहा ठंड की चपेट मेः

वर्तमान में कोडरमा, गढ़वा, लातेहार, देवघर, चतरा, पलामू और खूंटी जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 12–13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24–26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है, जहां न्यूनतम तापमान 15–17 डिग्री और अधिकतम तापमान 26–27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।

कुहासा और तेज हवाएं बढ़ा रहीं ठंडः

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों तक सुबह के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद हवा की दिशा और गति में परिवर्तन से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखने को मिलेगी। सुबह के समय घना कुहासा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान करेंगी, जबकि दोपहर का मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है।

ला नीना का असर, मार्च तक रह सकती है ठंडः

मौसम विभाग ने इस बार कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, ला नीना प्रभाव के कारण इस साल ठंड का मौसम मध्य मार्च तक जारी रह सकता है। इसका मतलब है कि लोग इस बार स्वेटर पहनकर होली मना सकते हैं। खासतौर पर दिसंबर और जनवरी के महीने हाड़ कंपाने वाली ठंड लेकर आएंगे।

इसे भी पढ़े

North India weather update: उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदला, पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी-बारिश और ठंड बढ़ने के आसार


Share This Article