बोकारो से अगवा युवती 6 महीने बाद सकुशल बरामद, हरियाणा के मानेसर से मिली सफलता

2 Min Read

Bokaro kidnapping case

बोकारो। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के कुर्रा बाजार से अगवा युवती को बोकारो पुलिस ने छह महीने बाद हरियाणा के मानेसर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने अपहरण के गंभीर मामले का सफल उद्भेदन किया है।

चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया

चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि 2 जुलाई 2025 को कुर्रा बाजार से अज्ञात अपराधियों ने युवती का अपहरण कर लिया था। इस संबंध में पीड़िता के पिता सुंदर लाल तुरी ने पिंड्राजोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

हरियाणा से युवती सुरक्षित बरामद

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर चास एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार छानबीन करते हुए टीम ने हरियाणा के मानेसर में छापामारी की, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद किया गया।

युवती की पहचान

बरामद युवती की पहचान वैष्णवी कुमारी (लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम कुरमा, थाना पिंड्राजोरा, जिला बोकारो की रहने वाली है। पुलिस ने युवती को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस कार्रवाई में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर रूपेंद्र कुमार राणा, पिंड्राजोरा थानेदार अभिषेक कुमार रंजन, अनुसंधानकर्ता चंदन कुमार दुबे, बनगडिया ओपी प्रभारी शुभम कुमार गोप, एएसआई क्यामुदीन अंसारी समेत कई पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।

Share This Article