रांची। 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इसे लेकर झारखंड में जश्न का माहौल है। झारखंड बीजेपी के नेता इस दिन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। युद्धस्तर पर इस दिन को खास बनाने की तैयारी की जा रही है।
22 जनवरी को प्रदेश BJP के मंत्री, नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता आम लोगों के साथ मंदिरों की सफाई करेंगे। भजन-कीर्तन में शामिल होंगे और शाम में दीप जला कर दिवाली मनाएंगे। सभी सांसद और विधायक भजन-कीर्तन में शामिल होंगे। इसके बाद 29 जनवरी को आयोध्या प्रस्थान करेंगे।
प्रदेश के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के अनुसार सभी सांसद, विधायक, मंत्रियों की गतिविधियां नमो ऐप पर अपलोड हो रही हैं। कुछ प्रमुख मंदिरों में अयोध्या का दृश्य लाइव दिखाने की व्यवस्था की गई है।
नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने झारखंडवासियों से अपील की है कि सभी 22 जनवरी को अपने घरों में दीप जलाएं। वहीं रांची के सांसद संजय सेठ हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद राम भक्तों पर पुष्प वर्षा भी करेंगे। उन्होंने अपने हाथ पर श्रीराम का टैटू भी बनवाया है। वह कई मंदिरों में कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बारी-बारी से राज्यों के प्रमुख जनों को अयोध्या आमंत्रित कर प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जाएंगे। इसे लेकर झारखंड बीजेपी के नेता 29 जनवरी को आयोध्या प्रस्थान करेंगे। इससे पहले 22 जनवरी 2024 को जब प्रभु श्री राम अपने गर्भगृह में स्थापित होंगे, उस दिन को ऐतिहासिक बनाएंगे और दिवाली मनायेंगे।
इसे भी पढ़ें
कल झारखंड के 51000 मंदिरों में होंगे कार्यक्रम, रामभक्ति में डूबा राज्य
