धुआं वाला पान खाते हैं, तो हो जाएं सावधान, आंत में हो सकता है छेद [Be careful if you eat smoked paan, it may cause a hole in the intestine]

3 Min Read

रांची। अगर आप भी धुआं वाला पान खाने के शौकिन हैं तो सावधान हो जाइए। एक केस स्टडी के मुताबिक इस पान में लिक्विड नाइट्रोजन का प्रयोग किया जाता है, जिससे धुआं निकलता है। यह जानलेवा साबित हो सकता है।

इस बार दुर्गा पूजा और विजयादशमी पर कुछ लोगों ने पान खाया, तो उनकी तबियत खराब हो गई। उनका पेट फूलने लगा। आंत में छेद हो गया। मुंह में फफोले पड़ गए। सांस लेने में परेशानी हुई। खून की उल्टी हुई।

जब वह अस्पताल गये तो डाक्टरों ने बताया कि केमिकल वाला पान जानलेवा है। यदि अल्कोहल सेवन के बाद लिक्विड नाइट्रोजन युक्त पान खाया तो जान भी जा सकती है।

एचइसी का है मामलाः

जानकारी के मुताबिक पान खाने से एचईसी निवासी 40 वर्षीय सिंटू कुमार और 38 वर्षीय नंदन कुमार की आंत में छेद हो गया। नंदन के पेट का आपरेशन रिम्स में सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ. सितल मलुआ की देखरेख में डॉ. एफ हसन ने किया।

वहीं पारस में डॉ. नवीन कुमार ने सिंटू का आपरेशन कर आंत के छेद को ठीक किया। दोनों की जटिल सर्जरी करनी पड़ी।

कडरू निवासी 40 वर्षीय एस कुमारी और 15 वर्षीय अर्पित कुमार ने साथ पान खाया, मुंह से खूब धुंआ निकाला। घर पहुंचते ही ओठ और मुंह में फफोले हो गए। मुंह में जलन शुरू हो गई। उक्त लोगों की हालत देखकर शहरवासी सावधान और सचेत हो जाएं।

जानलेवा हो सकता है धुंए वाला पानः

डॉक्टर के अनुसार धुंए वाला पान जानलेवा हो सकता है। नाइट्रोजन का तापमान जब – 195.8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है, तब यह तरल रूप या लिक्विड में कन्वर्ट हो जाता है।

पृथ्वी पर इतना तापमान कभी कम नहीं होता है, इसलिए इसको आर्टिफिशियल तरीके से लिक्विड में कन्वर्ट कर पान के साथ दिया जाता है।

अब तो शहर के कई होटल-रेस्टोरेंट में कई खाद्य सामग्री लिक्विड नाइट्रोजन के साथ परोसी जा रही है। इससे बचें।

50 रुपये का पान महंगा पड़ाः

एचईसी निवासी नंदन कुमार ने बताया कि विजयादशमी के दिन दोस्तों संग धुंआ वाला पान खाया। कुछ घंटों बाद ही पेट में दर्द शुरू हो गया। रात में ही पारस अस्पताल गया। जांच हुई, तो पता चला आंत में छेद हो गया है। तुरंत आपरेशन करना होगा।

रात में ही परिजन मुझे रिम्स लेकर आ गए। अगले दिन पेट का आपरेशन हुआ, तब जाकर स्थिति सुधरी। पान खाने के बाद पेट में जलन होने लगी। गैस से पेट फूलने लगा। असहनीय दर्द हो रहा था। 50 रुपये का पान काफी महंगा पड़ा। जान बच गई।

इसे भी पढ़ें

मामूली सा लाल चकत्ता हो सकता है जानलेवा, दुनिया में बढ़ रहे लाइम डिजीज के मामले

Share This Article
Exit mobile version