Alcohol sales Jharkhand: शराब बिक्री से झारखंड सरकार मालामाल

2 Min Read

Alcohol sales Jharkhand:

रांची। झारखंड में नई उत्पाद नीति के लागू होने के बाद शराब बिक्री से सरकार की आमदनी में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। अक्टूबर 2025 में राज्य सरकार ने शराब से 362 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो निर्धारित लक्ष्य 354 करोड़ रुपये से 102 प्रतिशत अधिक है। यह पिछले साल अक्टूबर (207 करोड़ रुपये) की तुलना में 155 करोड़ रुपये ज्यादा है।

नई नीति से बढ़ा राजस्व:

सितंबर 2025 से लागू नई उत्पाद नीति के तहत राज्य में खुदरा शराब बिक्री निजी दुकानदारों को सौंपी गई है। झारखंड स्टेट बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) इन दुकानों को शराब उपलब्ध करवा रहा है। वर्तमान में राज्य में 1343 खुदरा शराब दुकानें संचालित हो रही हैं, जबकि पहले 1453 थीं। हालांकि दुकानों की संख्या में 110 की कमी हुई है, इसके बावजूद सरकार की आय बढ़ी है, जो नीति की सफलता का संकेत है।

सितंबर में भी राजस्व लक्ष्य से अधिक:

नई नीति के लागू होने के शुरुआती महीने सितंबर में भी अच्छा परिणाम मिला था। उस महीने के लिए निर्धारित लक्ष्य 275 करोड़ रुपये था, जबकि प्राप्ति लगभग 50 करोड़ रुपये अधिक रही। पिछले वर्ष सितंबर में 181 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था, जिससे इस साल 144 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय दर्ज हुई।

वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लक्ष्य:

उत्पाद विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 3585 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य तय किया है। इसमें सितंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच नई नीति के तहत 2402 करोड़ रुपये की प्राप्ति का लक्ष्य शामिल है।नई नीति के तहत दुकानों की संख्या कम होने के बावजूद लगातार बढ़ती राजस्व प्राप्ति यह दर्शाती है कि वितरण प्रणाली और बिक्री प्रबंधन में सुधार हुआ है। विभाग आगामी महीनों में इस वृद्धि को बनाए रखने की उम्मीद कर रहा है।

Share This Article