Pakur Municipal Council Result: वोटों की गिनती जारी, 42 टेबल पर हो रही काउंटिंग

3 Min Read

Pakur Municipal Council Result:

पाकुड़। तीन दिनों के लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार सुबह आखिरकार वह घड़ी आ गई, जिसका प्रत्याशी और समर्थक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सुबह ठीक 8 बजे पाकुड़ बाजार समिति में बनाए गए मतगणना हॉल में वोटों की गिनती शुरू हो गई। मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही हलचल देखी गई। समर्थकों की भीड़, प्रत्याशियों की बढ़ती धड़कनें और सुरक्षा के कड़े इंतजामों ने चुनावी माहौल को गरमा दिया है।

42 टेबल पर हो रही गिनती

जिला प्रशासन ने मतगणना को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। 21 वार्डों के 42 मतदान केंद्रों के लिए कुल 42 टेबल लगाए गए हैं, ताकि गिनती में किसी तरह की देरी न हो। मतगणना स्थल पर सिर्फ अधिकृत एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। पूरे परिसर में सुरक्षा बल तैनात हैं।

दो चरणों में होगा परिणाम

  • पहले चरण में वार्ड पार्षद पद के वोटों की गिनती होगी।
  • दूसरे चरण में अध्यक्ष पद के मतों की गणना की जाएगी।

सुबह 10 बजे के बाद वार्ड पार्षदों के नतीजे आने शुरू होने की संभावना है, जबकि दोपहर करीब 1 बजे तक अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित किया जा सकता है।

अध्यक्ष पद के लिए 10 उम्मीदवार

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए इस बार 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं 21 वार्डों में वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 89 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। अध्यक्ष पद को लेकर ‘थ्री एस’ के बीच मुकाबला चर्चा में है, हालांकि जानकारों का मानना है कि असली टक्कर दो प्रमुख प्रत्याशियों के बीच सिमट सकती है। कई वार्डों में भी कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।

DC ने क्या कहा?

पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि सुबह 8 बजे से मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। पहले राउंड में वार्ड पार्षद और दूसरे राउंड में अध्यक्ष पद के वोटों की गिनती की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 11 बजे के बाद परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। फिलहाल प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना हॉल पर टिकी हुई हैं।

Share This Article