Healthy cheela recipe
नई दिल्ली, एजेंसियां। अगर आपको आटा गूंथना या रोटी बेलना नहीं आता, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। गेहूं के आटे से बना चीला आपके लिए एक आसान, हेल्दी और टेस्टी विकल्प हो सकता है। आमतौर पर लोग बेसन, सूजी या ओट्स का चीला खाते हैं, लेकिन गेहूं के आटे का चीला रोटी से भी ज्यादा पौष्टिक माना जाता है। यह पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और वजन नियंत्रित रखने में भी मदद करता है।
क्यों खास है गेहूं के आटे का चीला?
गेहूं का आटा फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। दही और सब्जियों के साथ मिलकर यह चीला प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर बन जाता है। सुबह के नाश्ते में इसे खाने से पूरे दिन एनर्जी बनी रहती है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है।
गेहूं के आटे का चीला बनाने की आसान विधि
पहला स्टेप:
एक बाउल में 2 कटोरी गेहूं का आटा लें। इसमें 1 कटोरी दही डालें। स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच कद्दूकस किया अदरक, 1–2 बारीक कटी हरी मिर्च और आधा चम्मच जीरा डालें।
दूसरा स्टेप:
अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पतला और स्मूद घोल तैयार करें। इसमें बारीक कटी प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, टमाटर, बीन्स और हरा धनिया मिलाएं।
तीसरा स्टेप:
तवे को गर्म करें और थोड़ा घी या तेल लगाएं। मीडियम आंच पर बैटर फैलाकर चीला बनाएं।
चौथा स्टेप:
एक तरफ से सिकने के बाद पलटें और दूसरी ओर से भी सुनहरा होने तक सेंक लें।
स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन
गरमागरम आटे का चीला हरी चटनी या सॉस के साथ बेहद स्वादिष्ट लगता है। इसे बच्चों के टिफिन में भी दिया जा सकता है। आसान, झटपट और हेल्दी—यह रेसिपी हर किचन के लिए परफेक्ट है।









