Dhurandhar 2
मुंबई, एजेंसियां। रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा है। सिर्फ फैंस ही नहीं बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री की नजर इस फिल्म पर टिकी हुई है। यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जबकि इसका ट्रेलर 7 मार्च को जारी किया जाएगा। इसके अलावा फिल्म के पेड प्रीव्यू 18 मार्च से शुरू होने की संभावना है।
फिल्म को लेकर इतना बड़ा माहौल बना हुआ है कि कई फिल्म मेकर्स अपनी आने वाली फिल्मों के टीजर और ट्रेलर को ‘धुरंधर 2’ के साथ जोड़ने की योजना बना रहे हैं। यही वजह है कि कहा जा रहा है कि इस फिल्म के साथ कई बड़े सितारों की फिल्मों की झलक भी सिनेमाघरों में देखने को मिलेगी। सबसे पहले अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ का ट्रेलर ‘धुरंधर 2’ के थिएट्रिकल प्रिंट्स के साथ दिखाया जाएगा। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
शाहिद कपूर की ‘कॉकटेल 2’ का टीजर
शाहिद कपूर की आने वाली फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का टीजर भी ‘धुरंधर 2’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जा सकता है। यह एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन होमी अदजानिया कर रहे हैं। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
सलमान खान की ‘राजा शिवाजी’ की झलक
इसके अलावा मराठी सिनेमा की बड़ी फिल्मों में शामिल ‘राजा शिवाजी’ का टीजर भी ‘धुरंधर 2’ के साथ दिखाने की योजना है। इस फिल्म में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं और वही फिल्म का निर्देशन भी कर रहे हैं। फिल्म में सलमान खान भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे।
इसके अलावा अभिषेक बच्चन, संजय दत्त, विद्या बालन और जेनेलिया देशमुख भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। ऐसे में इसके साथ बड़े प्रोजेक्ट्स के टीजर और ट्रेलर जोड़ना मेकर्स के लिए एक स्मार्ट मार्केटिंग रणनीति साबित हो सकता है।







