Dhurandhar:
मुंबई, एजेंसियां। रणवीर सिंह की अपकमिंग एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर‘ का ट्रेलर लॉन्च दिल्ली ब्लास्ट के चलते स्थगित कर दिया गया है। फिल्म के मेकर्स ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी। ट्रेलर लॉन्च 12 नवंबर, 2025 को होने वाला था, लेकिन राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए बम विस्फोट के पीड़ितों और प्रभावित परिवारों के सम्मान में इसे पोस्टपोन किया गया।
धुरंधर के मेकर्स ने बयान में कहा:
धुरंधर के मेकर्स ने बयान में कहा, “कल दिल्ली विस्फोट से प्रभावित पीड़ितों और परिवारों के सम्मान में, 12 नवंबर को होने वाला ट्रेलर लॉन्च स्थगित कर दिया गया है। ट्रेलर लॉन्च की नई तारीख और विवरण जल्द साझा किए जाएंगे। आपकी समझ के लिए धन्यवाद। जियो स्टूडियोज़, बी62 स्टूडियोज और टीम धुरंधर।”रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। धुरंधर की रिलीज डेट 5 दिसंबर 2025 है। इस फिल्म का पहला लुक टीजर 6 जुलाई 2025 को जारी किया गया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
फिल्म का निर्देशन:
फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है और इसमें रणवीर सिंह के साथ सारा अर्जुन लीड रोल में हैं। इसके अलावा आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और अक्षय खन्ना जैसी बड़ी हस्तियां भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। ‘धुरंधर’ एक डार्क और एक्शन से भरपूर थ्रिलर है, जो सच्ची घटनाओं पर आधारित है, हालांकि निर्माताओं ने कथानक के बारे में विशेष जानकारी साझा नहीं की है।
इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज़ डेट अब मेकर्स द्वारा घोषित नई तारीख पर निर्भर करेगा। दर्शक बेसब्री से इसके ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता पीड़ितों के सम्मान और सुरक्षा को दी गई है।



