Assi trailer
नई दिल्ली, एजेंसियां। साल 2026 की शुरुआत ब्लॉकबस्टर हिट फिल्मों के साथ हुई है और अब फरवरी में रिलीज होने वाली तापसी पन्नू स्टारर फिल्म ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह ट्रेलर दर्शकों को मजबूत कहानी और कोर्टरूम ड्रामा की झलक दिखा रहा है और इसे देखकर फैंस में फिल्म को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।फिल्म अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी है और यह समाज के संवेदनशील मुद्दों को सामने लाती है। ट्रेलर की टैगलाइन ‘उस रात वो घर नहीं पहुंची’ ही कहानी की गंभीरता का संकेत देती है। ट्रेलर में तापसी पन्नू एक वकील के किरदार में नजर आ रही हैं, जो एक रेप विक्टिम को न्याय दिलाने के लिए कोर्ट में संघर्ष करती हैं।
क्या है इस कहानी में?
ट्रेलर से पता चलता है कि यह कहानी एक रेप विक्टिम की है, जो रात में अपने घर लौट रही होती है और रास्ते में कुछ लोगों द्वारा अगवा कर उसका शोषण किया जाता है। इसके बाद फिल्म का केंद्र बिंदु बनता है कोर्टरूम ड्रामा, जिसमें तापसी की किरदार पीड़िता को न्याय दिलाने की कोशिश करती है। फिल्म यह दिखाती है कि कैसे समाज और सिस्टम में ऐसे केसों को अक्सर डिसमिस कर दिया जाता है या दर्ज ही नहीं किया जाता, और यह मुद्दा फिल्म में संवेदनशील तरीके से उठाया गया है।
कास्ट और रिलीज डेट
फिल्म में तापसी पन्नू के अलावा जीशान अय्युब खान, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, नसीरुद्दीन शाह, रेवती और कानी कुसृति महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। ‘अस्सी’ 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और फिल्म के ट्रेलर को देखकर लगता है कि यह ‘मर्दानी 3’ जैसी टफ कॉम्पिटीशन भी साबित हो सकती है।
फैंस ने ट्रेलर को काफी किया पसंद
फैंस ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर को काफी पसंद किया है और इसे इंटेंस कोर्टरूम ड्रामा, दमदार अभिनय और समाजिक मुद्दों पर साहसिक फिल्म के रूप में देखा जा रहा है। तापसी पन्नू की एक्टिंग और अनुभव सिन्हा के निर्देशन में फिल्म की कहानी को देखकर यह उम्मीद जताई जा रही है कि फिल्म सिनेमा हॉल में दर्शकों का दिल जीतने के साथ-साथ समाज को भी एक संदेश देगी।
