Assi movie announcement:
मुंबई, एजेंसियां। निर्देशक अनुभव सिन्हा ने अपनी नई फिल्म ‘अस्सी’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस फिल्म में एक बार फिर उनकी हिट जोड़ी अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ नजर आएगी। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी चर्चित फिल्मों के बाद अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू तीसरी बार साथ काम कर रहे हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें पहले से ही काफी बढ़ गई हैं। ‘अस्सी’ एक थ्रिलर ड्रामा फिल्म बताई जा रही है, जो सामाजिक और मानवीय पहलुओं को गहराई से छूने का वादा करती है।
मोशन पोस्टर ने बढ़ाया सस्पेंस
फिल्म की घोषणा के साथ ही इसका मोशन पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर में एक युवती को रेलवे ट्रैक पर भागते हुए दिखाया गया है, जिसके पीछे कई लोग उसका पीछा कर रहे हैं। इसके बाद तापसी पन्नू वकील की वेशभूषा में नजर आती हैं, जिनके चेहरे पर खून के छींटे दिखाई देते हैं। फिल्म के नाम के साथ टैगलाइन लिखी है “उस रात वो घर नहीं पहुंची”, जो कहानी के रहस्य और गंभीरता को दर्शाती है।
20 फरवरी को होगी रिलीज
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म ‘अस्सी’ 20 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित और टी-सीरीज के बैनर तले बनी इस फिल्म को बड़े पैमाने पर रिलीज करने की तैयारी है।
दमदार कलाकारों की टोली
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी मजबूत है। तापसी पन्नू के अलावा इसमें कानी कुसृति, रेवती, मनोज पाहवा, कुमुद मिश्रा, जीशान अय्यूब, नसीरुद्दीन शाह, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे मंझे हुए कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।अनुभव सिन्हा की सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों और तापसी पन्नू की सशक्त अभिनय क्षमता को देखते हुए ‘अस्सी’ से दर्शकों को एक बार फिर दमदार और सोचने पर मजबूर कर देने वाली कहानी की उम्मीद है।
