Ikka: 29 साल बाद सनी देओल-अक्षय खन्ना की जोड़ी, ‘इक्का’ के फर्स्ट लुक ने मचाया धमाका

2 Min Read

Ikka

मुंबई, एजेंसियां। नेटफ्लिक्स ने मुंबई में आयोजित अपने मेगा इवेंट ‘व्हाट्स नेक्स्ट ऑन नेटफ्लिक्स’ में साल 2026 के बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा की, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा निर्देशित लीगल ड्रामा फिल्म ‘इक्का’ की रही। इस फिल्म को लेकर उत्साह की सबसे बड़ी वजह सनी देओल और अक्षय खन्ना का 29 साल बाद साथ आना है। इससे पहले दोनों कलाकार 1997 की सुपरहिट वॉर फिल्म ‘बॉर्डर’ में साथ नजर आए थे। लंबे समय बाद इस जोड़ी की वापसी ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है।

फर्स्ट लुक टीजर पर सोशल मीडिया का जबरदस्त रिस्पॉन्स

‘इक्का’ का फर्स्ट लुक टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर फैंस के रिएक्शन्स की बाढ़ आ गई। दर्शकों ने दोनों कलाकारों की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और इंटेंस परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स करते हुए इसे ‘तारा सिंह और रहमान डकैत का क्रॉसओवर’ बताया। वहीं कुछ फैंस ने लिखा कि नेटफ्लिक्स का यह कदम काफी सरप्राइजिंग और शानदार है। सोशल मीडिया पर सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

सनी देओल के नए किरदार की हो रही सराहना

फैंस सनी देओल के बदलते करियर ग्राफ की भी तारीफ कर रहे हैं। दर्शकों का मानना है कि सनी अब सिर्फ एक्शन हीरो की छवि से आगे बढ़कर चुनौतीपूर्ण और अलग तरह के किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म में उनका किरदार काफी गंभीर और भावनात्मक नजर आने वाला है।

कहानी में मिलेगा सस्पेंस और इमोशनल ड्रामा

नेटफ्लिक्स ने टीजर शेयर करते हुए संकेत दिया है कि फिल्म एक मशहूर डिफेंस लॉयर सिकंदर मेहरा की कहानी पर आधारित है, जिसे अपने जीवन का सबसे कठिन नैतिक फैसला लेना पड़ता है। फिल्म में तिलोत्तमा शोम, दीया मिर्जा, संजीदा शेख और ज्योति मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ‘इक्का’ सस्पेंस, इमोशंस और पारिवारिक संघर्ष की कहानी को दर्शाने वाली दमदार फिल्म मानी जा रही है।

Share This Article
Exit mobile version