Nitin Navin: नितिन नवीन को संसद भवन में मिला ऐतिहासिक कमरा, बीजेपी अध्यक्ष के तौर पर संभालेंगे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

3 Min Read

Nitin Navin:

नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को संसद भवन में कमरा आवंटित कर दिया गया है। संविधान सदन में बीजेपी संसदीय दल कार्यालय के पास स्थित कमरा अब नितिन नवीन के नाम रहेगा। यह कमरा पहले भी बीजेपी अध्यक्षों के उपयोग में रहा है और पार्टी के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। नितिन नवीन हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए हैं और 45 वर्ष की उम्र में वह पार्टी के सबसे युवा अध्यक्षों में शामिल हो गए हैं।

अटल बिहारी वाजपेयी और आडवाणी का रहा है ठिकाना

संविधान सदन के पुराने संसद भवन में स्थित कमरा नंबर 4 का खास राजनीतिक इतिहास रहा है। यह कमरा एनडीए अध्यक्ष के तौर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम आवंटित था। करीब डेढ़ दशक तक इस कमरे पर उनका नाम पट्ट लगा रहा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी भी इसी कमरे में बैठते थे, लेकिन नेम प्लेट अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से ही लगी रहती थी। इसके बाद बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी इसी कमरे का उपयोग किया और अब यह कमरा नितिन नवीन को सौंप दिया गया है।

दिल्ली में मिला टाइप-8 सरकारी बंगला

संसद भवन में कमरे के अलावा नितिन नवीन को केंद्र सरकार की ओर से लुटियंस दिल्ली में टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला भी आवंटित किया गया है। उन्हें 1 मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला दिया गया है, जो पहले झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को आवंटित था। सरकारी नियमों के अनुसार, राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष को, यदि वह केंद्रीय मंत्री या सांसद नहीं है, तब भी उच्च श्रेणी का आवास दिया जा सकता है।

उच्च सुविधाओं से लैस होता है टाइप-8 बंगला

टाइप-8 श्रेणी का सरकारी बंगला बेहद उच्च स्तर का माना जाता है। इसमें आमतौर पर 5 से 6 बेडरूम, बड़ा ड्राइंग रूम, स्टडी रूम, आधुनिक किचन और डाइनिंग एरिया की सुविधा होती है। इसके अलावा निजी गैराज, स्टोर रूम और स्टाफ क्वार्टर जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल होती हैं। इससे नितिन नवीन को पार्टी और संगठन से जुड़े कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

Share This Article
Exit mobile version