Dacoit Teaser Release
मुंबई, एजेंसियां। मृणाल ठाकुर और आदिवी शेष स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘डकैत’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। लव स्टोरी और एक्शन से भरपूर इस फिल्म का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस का उत्साह साफ नजर आ रहा है। हालांकि, हिंदी दर्शकों को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि फिलहाल यह टीजर सिर्फ तेलुगु भाषा में ही रिलीज किया गया है।
1 मिनट 31 सेकंड के टीजर में क्या है खास
1 मिनट 31 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत आदिवी शेष से होती है। शुरुआत में एक रोमांटिक कहानी दिखाई जाती है, जो धीरे-धीरे एक्शन और बदले की कहानी में बदल जाती है। टीजर में आदिवी शेष लवर बॉय से लेकर फुल-फ्लेज्ड एक्शन हीरो के अवतार में नजर आते हैं।
मृणाल ठाकुर एक बार फिर अपनी खूबसूरती और मजबूत स्क्रीन प्रेजेंस से प्रभावित करती हैं।
अनुराग कश्यप का दिखा खतरनाक अवतार
टीजर में फिल्म की दमदार स्टारकास्ट की झलक भी देखने को मिलती है। अनुराग कश्यप, प्रकाश राज और अतुल कुलकर्णी जैसे मंझे हुए कलाकार कहानी को और मजबूत बनाते नजर आते हैं। खास बात यह है कि टीजर का अंत अनुराग कश्यप के किरदार पर होता है, जो फिल्म में निगेटिव रोल निभा रहे हैं। उनका खतरनाक अंदाज फिल्म के लिए उत्सुकता और बढ़ा देता है।
19 मार्च 2026 को होगी रिलीज
शनिल देव के निर्देशन में बनी यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज के दिन ‘डकैत’ का सामना ‘धुरंधर पार्ट 2’ और यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होगा। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज डेट में कोई बदलाव होता है या 19 मार्च को बड़ा क्लैश तय है।
