रांची। झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। गुरुवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा।
इससे पहले बुधवार दोपहर बाद से ही रांची और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हुई। रांची से सटे मांडर और चान्हो में जमकर बर्फबारी भी हुई है।
लगभग 15 मिनट की ओलावृष्टि में कच्चे मकानों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। साथ ही बर्फबारी से की जिलों में ठंड बढ़ गई है।
गुरुवार सुबह से ही कई जिलों में काले बादल छाये हुए हैं। कोहरे के कारण कई शहरों में विजिबिलिटी काफी कम है।
आज भी बारिश की संभावना
आज भी राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारा 4 डिग्री तक गिरने के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
राज्य के पूर्वी और मध्य भाग में आज भी बारिश के आसार हैं। तापमान में भी 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। इससे ठंड बढ़ेगी।
राजधानी रांची के साथ- साथ बोकारो, गिरिडीह और धनबाद के कुछ हिस्सों मे भी आज बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना के साथ- साथ तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से लेकर 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 फरवरी से आसमान साफ रहेगा।
इधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 24.3 मिमी बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अगले कुछ दिनों में तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। इसकी वजह से ठंड और बढ़ेगा। अभी आसमान में बादल हैं बादल साफ होने के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है।
इसे भी पढ़ें