Tata company:
नई दिल्ली, एजेंसियां। टाटा ग्रुप की पैसेंजर व्हीकल कंपनी टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल (TMPV) में सोमवार को बड़ा आर्थिक झटका देखने को मिला। डिमर्जर के बाद कंपनी के शेयरों में यह सबसे बड़ी गिरावट है, जिसके चलते कंपनी की वैल्यूएशन में 10,476 करोड़ रुपये का नुकसान हो गया। बाजार विशेषज्ञ इसे जगुआर लैंड रोवर (JLR) पर हुए साइबर हमले और कंपनी द्वारा एबिट मार्जिन घटाने के फैसले से जोड़कर देख रहे हैं।
शेयरों में तेज गिरावट:
बीएसई के आंकड़ों के अनुसार TMPV के शेयर सोमवार को 7.26% गिरकर 363.15 रुपये पर बंद हुए। यह स्तर उसके 52 सप्ताह के निचले स्तर से केवल 8.30% ऊपर है। ऐसे में अगर गिरावट जारी रहती है, तो स्टॉक अपने साल के सबसे निचले स्तर को भी तोड़ सकता है। डिमर्जर के बाद TMPV के शेयरों में इतनी बड़ी गिरावट पहली बार देखी गई है।
गिरावट का असली कारण क्या?
कंपनी के तिमाही नतीजे बताते हैं कि JLR पर हुए साइबर हमले का परफॉर्मेंस पर बड़ा असर पड़ा है। इसी कारण कंपनी ने अपने लग्जरी सेगमेंट के EBIT Margin का अनुमान 5-7% से घटाकर 0-2% कर दिया है। निवेशकों ने इसे नकारात्मक संकेत माना, जिसके चलते स्टॉक में भारी बिकवाली देखी गई।
वैल्यूएशन में ऐतिहासिक नुकसान
• गिरावट की वजह से कंपनी की वैल्यूएशन में भारी गिरावट आई।
• शुक्रवार: 1,44,200.10 करोड़ रुपये
• सोमवार (मार्केट खुलने के एक मिनट बाद): 1,33,723.86 करोड़ रुपये
• यानी TMPV की मार्केट वैल्यू सिर्फ 1 मिनट में 10,476 करोड़ रुपये कम हो गई।
5 दिन से लगातार गिर रहा शेयर:
शेयरों की शुरुआत सोमवार को 386.45 रुपये पर हुई, लेकिन दोपहर 12 बजे यह 4.62% गिरकर 373.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। पिछले 5 दिनों में TMPV के शेयर में 11.55% की गिरावट आ चुकी है, जबकि 10 नवंबर को यह 410.60 रुपये पर था।कुल मिलाकर, साइबर अटैक और कमजोर मार्जिन गाइडेंस ने कंपनी के निवेशकों की नींद उड़ा दी है।



