Bihar Chunav 2025:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो गया। इस चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिनमें 1.98 करोड़ पुरुष, 1.76 करोड़ महिलाएं और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। पहले चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं हैं। इनमें 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए, जबकि 19 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।
तेजस्वी, सम्राट, विजय सिन्हा और अनंत सिंह जैसे दिग्गज मैदान में:
पहले चरण की वोटिंग में कई चर्चित चेहरे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राघोपुर से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव एक बार फिर मैदान में हैं, जहां उनका मुकाबला भाजपा के सतीश कुमार से है। तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाजपा प्रत्याशी हैं, जबकि लखीसराय से विजय कुमार सिन्हा लगातार चौथी बार चुनावी अखाड़े में हैं।
मोकामा सीट से जदयू नेता अनंत सिंह चुनाव लड़ रहे हैं, जो चर्चित हत्याकांड के कारण सुर्खियों में हैं। वहीं दानापुर से भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला राजद के रीतलाल राय से है।
मनोरंजन और राजनीति का संगम: खेसारी लाल और मैथिली ठाकुर भी मैदान में:
भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव इस बार छपरा सीट से राजद प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ भाजपा की छोटी कुमारी और जनसुराज के जयप्रकाश सिंह मैदान में हैं।दरभंगा के अलीनगर सीट पर लोकगायिका मैथिली ठाकुर भाजपा की उम्मीदवार हैं, जिनका मुकाबला राजद के विनोद मिश्रा से है।
ओसामा शहाब, सीमांत मृणाल और कविता साहा जैसे नए चेहरे भी चर्चा में:
सीवान की रघुनाथपुर सीट से दिवंगत बाहुबली शाहबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब राजद प्रत्याशी हैं।
वहीं लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल गरखा सीट से पहली बार मैदान में हैं।
मधेपुरा से जदयू ने कविता साहा को टिकट दिया है, जो इस सीट से पहली गैर-यादव प्रत्याशी हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और मतदाताओं में उत्साह:
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई बूथों पर महिलाओं की भारी भागीदारी दर्ज की गई।
सुरक्षा की दृष्टि से सभी संवेदनशील बूथों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
पहले चरण की वोटिंग शाम पांच बजे तक चलेगी और मतदाताओं से अपील की गई है – “पहले मतदान, फिर जलपान।”
इसे भी पढ़ें
Bihar Chunav: राबड़ी देवी की जागी ममता, बोलीं “तेजप्रताप अब अपने पैरों पर खड़ा हो रहा है”



