Rahul Gandhi: PM मोदी का राहुल गांधी पर तंज, “तालाब में डुबकी लगाकर चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं”

2 Min Read

Rahul Gandhi:

पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सीतामढ़ी में आयोजित एक जनसभा में विपक्ष और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मोदी ने हाल ही में राहुल गांधी के तालाब में कूदने वाले वीडियो का जिक्र करते हुए तंज कसा — “कुछ बड़े-बड़े लोग अब बिहार में पानी में डुबकी लगाकर चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।”

राहुल गांधी के तालाब में कूदने पर चुटकी:

दरअसल, राहुल गांधी हाल ही में बेगूसराय में मछुआरा समुदाय से मिलने पहुंचे थे, जहां उन्होंने नाव से तालाब में छलांग लगाई और जाल डालने की कोशिश की। इसी घटना का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि अब कुछ नेता “मछलियां देखने और पानी में डुबकी लगाने” आ रहे हैं। पीएम मोदी ने इसे “चुनावी डुबकी” बताते हुए कहा कि जनता अब दिखावे की राजनीति नहीं चाहती।

आरजेडी और विपक्ष पर तीखा हमला:

मोदी ने विपक्षी गठबंधन, खासतौर पर आरजेडी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष सत्ता में आया, तो “कट्टा सरकार” बन जाएगी — जो लोगों के सिर पर बंदूक रखकर कहेगी, ‘हैंड्स अप!’ उन्होंने कहा, “बिहार को ऐसी सरकार नहीं चाहिए जिसमें कट्टा, कुशासन, क्रूरता और भ्रष्टाचार हो।”

‘कट्टा सरकार नहीं, स्टार्ट-अप सरकार चाहिए’:

मोदी ने कहा कि जनता अब राजग सरकार चाहती है जो युवाओं को “स्टार्ट-अप” का मौका दे, न कि “हैंड्स अप” करवाए। उन्होंने कहा, “राजग ‘कट्टा’ नहीं, बल्कि स्कूल बैग, कंप्यूटर, क्रिकेट बैट और हॉकी स्टिक को बढ़ावा देता है।”

बिहार चुनाव में एनडीए के पक्ष में माहौल:

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि उनकी रैलियों में जनता का रुझान स्पष्ट है — “हमें कट्टा सरकार नहीं, एनडीए सरकार चाहिए।” उन्होंने अब तक बिहार में एक दर्जन से अधिक रैलियां की हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। पहले चरण में 64.69% मतदान दर्ज किया गया था, जिसे विपक्ष ने “बदलाव की लहर” बताया है, जबकि बीजेपी इसे एनडीए की मजबूती का संकेत मान रही है।

Share This Article