MLA Ritlal Yadav:
पटना, एजेंसियां। दानापुर के पूर्व विधायक और राजद नेता रीटलाल यादव ईडी के रडार पर हैं। पटना पुलिस की एक जांच रिपोर्ट में यह आरोप लगाया गया है कि रीतलाल अपने क्षेत्र में संगठित आपराधिक गिरोह का संचालन करते हैं और इसी के जरिए उन्होंने अवैध संपत्ति अर्जित की है। पुलिस ने यह रिपोर्ट ED को भेज दी है। माना जा रहा है कि ED जल्द ही मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्ति के मामले में कार्रवाई कर सकती है।
पुलिस रिपोर्ट में कई गंभीर आरोपः
पुलिस के अनुसार, रीतलाल और उनके सहयोगियों के खिलाफ पहले से कई मामलों में चार्जशीट दाखिल हैं। पुलिस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जांच के दौरान दानापुर क्षेत्र में कई सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे और निर्माण के साक्ष्य मिले हैं, जिनका संबंध रीतलाल या उनके करीबियों से बताया गया है।
सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोपः
खगौल थाना में दर्ज एक केस के बाद एसआईटी और खगौल पुलिस ने रीतलाल और उनके परिजनों की संपत्तियों की जांच शुरू की। भूमि अभिलेखों की जांच में सामने आया कि दानापुर क्षेत्र में कई कीमती जमीनें और फ्लैट रीतलाल के रिश्तेदारों और सहयोगियों के नाम पर हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन संपत्तियों के लिए अवैध आय का उपयोग किया गया।







