कोडरमा, एजेंसियां। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले कोडरमा के वृंदा गांव में होटल कारोबारी सुखदेव रजक के घर से 1.07 करोड़ रुपए कैश मिले हैं। अफीम के कारोबार की सूचना पर पुलिस ने रात दो बजे छापेमारी की। यह कार्रवाई 11 घंटे तक चली।
58 ग्राम अफीम भी मिलीः
इस दौरान किसी को भी बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई। कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि घर से एक करोड़ 7 लाख 10 हजार रुपए नकद मिले।
घर से 58 ग्राम अफीम भी मिली। इसकी कीमत 27 हजार रुपए बताई गई है। टीम ने दो वाहनों को भी जब्त किया है।
कारोबारी का भाई गिरफ्तारः
मामले में रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया है। रोहित कारोबारी सुखदेव का भाई है। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। एसपी ने बताया कि बरामद की गई राशि नशे के कारोबार से जुड़ी लगती है।
हर एंगल पर जांच कर रही पुलिसः
पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है। इस बात पर भी जांच हो रही है कि ये रुपए किसी और के तो नहीं हैं। पुलिस बरामद पैसे का चुनावी कनेक्शन भी खंगाल रही है।
एसपी का कहना है कि फिलहाल इन रुपयों का चुनाव से जुड़े होने के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं।
इसे भी पढ़ें
लातेहार पुलिस ने रांची से गढ़वा जा रही यात्री बस से 15 लाख कैश किया बरामद