Bank nominee rules:
नई दिल्ली, एजेंसियां। 1 नवंबर 2025 से बैंकिंग, वित्तीय और पहचान से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आम लोगों पर पड़ेगा। बैंक खातों, लॉकर, आधार कार्ड, क्रेडिट कार्ड और म्यूचुअल फंड से संबंधित नई व्यवस्थाएं लागू होंगी। सबसे बड़ा बदलाव बैंकिंग एक्ट में नॉमिनी नियमों को लेकर है। अब बैंक ग्राहक अपने खाते, एफडी, आरडी और अन्य डिपॉजिट में चार तक नॉमिनी जोड़ सकेंगे। साथ ही यह भी तय कर सकेंगे कि किस नॉमिनी को कितनी हिस्सेदारी मिलेगी। यह नियम सिंगल और जॉइंट दोनों प्रकार के खातों पर लागू होगा।
आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया अब आसान
आधार कार्ड अपडेट प्रक्रिया भी अब आसान बना दी गई है। UIDAI के नए नियमों के तहत नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां अब ऑनलाइन अपडेट की जा सकेंगी। बायोमेट्रिक अपडेट के लिए ही आधार केंद्र जाना होगा। UIDAI अन्य सरकारी डेटाबेस जैसे पैन, पासपोर्ट, राशन कार्ड आदि से स्वतः वेरिफिकेशन कर लेगा, जिससे दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं होगी।
बैंक लॉकर नियमों में बदलाव
बैंक लॉकर नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब खाताधारक लॉकर के लिए भी क्रमवार नॉमिनी तय कर सकेंगे। इससे संपत्ति के ट्रांसफर से जुड़ी कानूनी दिक्कतें कम होंगी। यदि पहला नॉमिनी जीवित नहीं है तो दूसरा नॉमिनी दावा कर सकेगा।
SBI क्रेडिट कार्ड उपयोगकर्ताओं के लिए भी नियम बदलेंगे। 1 नवंबर से अनसिक्योर्ड कार्ड पर 3.75% का चार्ज लगेगा। थर्ड पार्टी ऐप्स जैसे CRED या Mobikwik से स्कूल फीस भुगतान पर 1% अतिरिक्त शुल्क देना होगा। 1000 रुपये से अधिक वॉलेट लोड करने या कार्ड से चेक पेमेंट करने पर भी चार्ज लागू रहेगा।
म्यूचुअल फंड निवेश से जुड़ी नई गाइडलाइन भी प्रभावी होंगी। अब किसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) का अधिकारी, कर्मचारी या पारिवारिक सदस्य अगर 15 लाख रुपये से अधिक का निवेश करता है, तो उसे अनुपालन अधिकारी को इसकी सूचना देनी होगी। इसके साथ ही एलपीजी, सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी 1 नवंबर से बदलाव संभव है। पेट्रोलियम कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को दरों की समीक्षा करती हैं, इसलिए इस बार भी कीमतों में संशोधन हो सकता है।
इसे भी पढ़ें



