धनबाद। धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने धनबाद से कई महत्वपूर्ण शहरों के लिए नई रेल सेवाएं शुरू करने की मांग की। इन शहरों में वैष्णो देवी, वेल्लोर, दिल्ली, बंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं।
ढुल्लू महतो ने इस मांग को उठाते हुए क्षेत्र की रेल सेवाओं में सुधार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि धनबाद के लोगों को बेहतर यात्री सुविधाएं मिलनी चाहिए।
वैष्णो देवी-बेंगलुरु और हैदराबाद के ट्रेन की मांग
सांसद ढुल्लू महतो ने वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि धनबाद से वैष्णो देवी के लिए सीधी ट्रेन शुरू होनी चाहिए। इससे श्रद्धालुओं को लंबी यात्रा से राहत मिलेगी।
उन्होंने इलाज के लिए वेल्लोर जाने वाले मरीजों के लिए भी धनबाद से वेल्लोर के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने की बात कही। इससे मरीजों को आसानी से अस्पताल पहुँचने में मदद मिलेगी।
इतना ही नहीं उन्होंने बताया कि झारखंड में सबसे ज्यादा रेल राजस्व धनबाद रेल मंडल से आता है। यहां से रोजाना सैकड़ों मालगाड़ियां गुजरती हैं। लेकिन, सवारी गाड़ियों की संख्या कम है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय उनकी मांगों पर गौर करेगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर रेल सेवाएं प्रदान करेगा। इससे न सिर्फ धनबाद, बल्कि पूरे झारखंड के लोगों को फायदा होगा।
इसे भी पढ़ें