सोनुवा के सरकारी आवास में मिला गिरिवर मिंज का शव
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) गिरिवर मिंज की सरकारी आवास में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी।
बीडीओ का शव बाथरूम के बाहर जमीन पर पीठ के बल मिला। उनके माथे से खून निकल रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गिरिवर सिंह के सिर में चोट की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सिर में चोट की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि सिर में चोट के निशान दिख रहे हैं।
शनिवार को सिंहभूम की सांसद और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नेता जोबा माझी और डीएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने गिरिवर मिंज को श्रद्धांजलि दी।
अगले साल रिटायर होने वाले थे मिंज
पुलिस के मुताबिक, बाथरूम के बाहर वॉश बेसिन में उल्टी के निशान हैं। उनके सिर से खून बहता पाया गया।
सिर में चोट के स्पश्ट निशान हैं। गिरिवर मिंज गढ़वा जिला के भंडरिया थानांतर्गत जमोटी गांव के निवासी थे। वह जून, 2025 में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी सोनुआ पहुंचे
सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी अरुण कुमार मुंडा, थाना प्रभारी संजय कुमार नायक उनके आवास पहुंचे।
एसडीओ रीना हांसदा ने सोनुआ पहुंचकर जानकारी ली। गोइलकेरा बीडीओ विवेक कुमार व गुदड़ी बीडीओ रितिक कुमार भी पहुंचे थे।
एसडीओ की मौजूदगी में हुआ बीडीओ का पंचनामा
एसडीओ की उपस्थिति में सोनुआ पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद उनके शव को गढ़वा भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को बीडीओ गिरिवर मिंज कार्यालय नहीं गये थे। दोपहर में पत्नी ने एक कर्मचारी को फोन करके बताया कि बीडीओ कॉल रिसीव नहीं कर रहे हैं।
इसके बाद कर्मचारी उनके घर गया। घर पहुंचते ही देखा कि बीडीओ साहेब की लाश वहां पड़ी है। इसके बाद हंगामा मच गया।
इसे भी पढ़ें