पटना, एजेंसियां। पीएम मोदी आज एक दिवसीय दौरे पर बिहार के दरभंगा के राज मैदान में दोपहर 3.30 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम तीसरे और चौथे चरण में होने वाले चुनाव के लिए प्रचार भी करेंगे।
उनके आगमन को लेकर दरभंगा एयरपोर्ट से लेकर राज मैदान तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। वह रांची से सीधे दरभंगा पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जगह-जगह पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
तीसरे चरण में अररिया में भाजपा प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि खगड़िया में एलजेपीआर और सुपौल, मधेपुरा और झंझारपुर में जेडीयू उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इन सभी सीटों के लिए मोदी की इस सभा का आयोजन किया जा रहा है।
वहीं दरभंगा में चौथे चरण में चुनाव है। दरभंगा से भाजपा नेता और वर्तमान सांसद गोपाल जी ठाकुर चुनावी मैदान में हैं। गोपाल जी ठाकुर का मुकाबला आरजेडी प्रत्याशी ललित यादव से होगा।
बता दें कि एक महीने के अंदर पीएम मोदी का यह बिहार का पांचवां दौरा है। इससे पहले दूसरे चरण के चुनाव के दौरान भी पीएम बिहार के जमुई, नवादा, गया, पूर्णिया, मुंगेर और अररिया में चुनाव प्रचार किये थे।
बता दें कि प्रधानमंत्री का आज झारखंड, बिहार और यूपी तीन राज्यों में चुनावी रैली है। सबसे पहले पीएम ने पलामू में चुनावी सभा को संबोधित किया।
इसके बाद चियांकी एयरपोर्ट से लोहरदगा जायेंगे और दोपहर 12.45 बजे गुमला जिले के सिसई में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। उसके बाद लोहरदगा से रांची आयेंगे और फिर रांची से दरभंगा के लिए रवाना होंगे।
दरभंगा में दोपहर 3.30 बजे सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 6.15 बजे कानपुर में रोड शो करेंगे।
इसे भी पढ़ें