रांची, एजेंसियां। झारखंड के पहले जनजातीय विश्वविद्यालय ‘पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय के लिए पदों को मंजूरी दे दी गई है।
विवि के संचालन के लिए सरकार ने कुलपति, प्रतिकुलपति, वित्त परामर्शी, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त पदाधिकारी और कर्मचारियों समेत कुल 129 पद स्वीकृत कर दिये हैं।
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
विवि की स्थापना जमशेदपुर में की गयी है। राजभवन ने मार्च 2023 में ही कुलपति, प्रतिकुलपति, रजिस्ट्रार और वित्त परामर्शी की नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे।
विवि में जिन विषयों की स्वीकृति दी गयी है, उनमें सामाजिक संकाय के अंतर्गत अर्थशास्त्र, इतिहास और पुरातत्व, भूगोल और क्षेत्रीय विकास, समाजशास्त्र, मानव विज्ञान और प्रथागत कानून, श्रम अध्ययन व शांति और संघर्ष अध्ययन विषय के विभाग होंगे।
इसी प्रकार कला एवं मानविकी संकाय के अंतर्गत हिंदी, संताली, हो, नागपुरी, कुड़ुख, मुंडारी, कुरमाली, खड़िया, पंचपरगनिया, खोरठा, दर्शनशास्त्र, अंग्रेजी और अन्य विदेशी भाषा के विभाग शामिल हैं। विज्ञान, प्रबंधन और कंप्यूटर व सूचना संकाय होंगे।
विवि में विज्ञान संकाय के अंतर्गत औषधीय, संगंधित तथा कृषि पौधों एवं पारंपरिक चिकित्सा विभाग, ग्रामीण तथा वन प्रबंधन एवं पर्यावरण विज्ञान तथा कानून विभाग शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें