रांची। बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर झारखंड के कई हिस्सों में दिखने लगा है। इस वजह से रांची सहित कई हिस्सों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक रांची में करीब 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा राजधानी और आसपास के कुछ हिस्सों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। जमशेदपुर में भी बूंदाबांदी बारिश हुई है। 19 मार्च तक बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की माने तो 21 मार्च तक अलग-अलग जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। 22 मार्च से मौसम समान्य हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य हिस्से में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। हवा की गति 30 किलोमीटर से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
मौसम विभाग ने 19 मार्च को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दिन राज्य के मध्य हिस्सों में ज्यादा असर दिख सकता है। हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। 19 मार्च को राज्य के संथाल परगना के इलाके में भी बारिश होगी। यही वजह है कि यहां के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। 22 मार्च से मौसम शुष्क हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश और बादल के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे जा सकता है। राजधानी का अधिकतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
पिछले 24 घंटे में राजधानी का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहा। यह 20 मार्च को 25 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे भी जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 15 से 16 डिग्री के आसपास रह सकता है।
इसे भी पढ़ें
जमशेदपुर में 100 साल से ज्यादा उम्र के 63 वोटर, 1887 बूथों पर 18,41,646 वोटर करेंगे मतदान